रिया सिन्हा
एशिया कप 2025 के सुपर-4 चरण का आखिरी मुकाबला 26 सितंबर को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। यह मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि निर्धारित ओवरों में टाई होने के बाद इसका फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां भारत ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपना अजेय क्रम जारी रखा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (61 रन, 31 गेंद) के तूफानी अर्धशतक और तिलक वर्मा (49 नाबाद) की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम को सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका के शानदार शतक (107 रन, 58 गेंद) ने मजबूत आधार दिया। श्रीलंका ने भी पूरे 20 ओवर खेले और 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए, जिसके बाद मुकाबला टाई हो गया।
सुपर ओवर में भारत का दबदबा
सुपर ओवर में श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी करने आई, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की सटीक गेंदबाजी के सामने सिर्फ 5 गेंदों में 2 रन बनाकर 2 विकेट गंवा दिए। भारत को जीत के लिए केवल 3 रन का लक्ष्य मिला। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वानिंदु हसरंगा की पहली ही गेंद पर तीन रन लेकर भारत को रोमांचक जीत दिलाई।
इस जीत के साथ, भारत अब रविवार, 28 सितंबर को फाइनल में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में पाकिस्तान को पहले ही दो बार हरा चुकी है और फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी। निसंका को उनके शानदार शतक के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
