रिया सिन्हा
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर फाइनल की रेस को दिलचस्प बना दिया है। यह जीत पाकिस्तान के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति में आई, जबकि इस हार के साथ श्रीलंका की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में हुए इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
पाकिस्तान की सधी हुई गेंदबाजी
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। शाहीन अफरीदी ने शुरुआती झटके दिए और 3 विकेट चटकाए, जबकि हारिस रऊफ और हुसैन तलत ने भी 2-2 विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। श्रीलंका की ओर से सिर्फ कामिंदु मेंडिस (50) रन ही अर्धशतकीय पारी खेल सके, जिसकी बदौलत टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन का सम्मानजनक स्कोर बना पाई।
हुसैन तलत और मोहम्मद नवाज की जुझारू पारी
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 80 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम ने 5 विकेट खो दिए। एक समय पाकिस्तान संकट में लग रहा था, लेकिन इसके बाद हुसैन तलत (32 नाबाद) और मोहम्मद नवाज (38 नाबाद) ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 58 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को 18 ओवर में ही जीत दिला दी। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सुपर-4 में अपना खाता खोला और अब फाइनल में पहुंचने के लिए उनके पास एक और मौका है। दूसरी ओर, श्रीलंका को सुपर-4 में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है।
