रिया सिन्हा
भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह ने अचानक रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को अलविदा कह दिया है। उनके इस फैसले से शो के फैंस और अन्य कंटेस्टेंट हैरान हैं। बताया जा रहा है कि शो में उनकी एंट्री के बाद से ही इसकी टीआरपी में जबरदस्त उछाल आया था, और सोशल मीडिया पर उनके वीडियो खूब वायरल हो रहे थे। शो में कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा के साथ उनकी केमिस्ट्री और उनके हंसमुख स्वभाव को काफी पसंद किया जा रहा था। उनके अचानक जाने से शो की लोकप्रियता पर असर पड़ने की उम्मीद है।
छोड़ने की वजह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पवन सिंह ने शो छोड़ने का कारण ‘सेवा कार्य’ बताया है। उन्होंने अपने साथी कंटेस्टेंट्स को बताया कि वह कभी शो के कंटेस्टेंट नहीं थे, बल्कि कुछ समय के लिए ही शो में आए थे। उनके परिवार के कुछ सदस्यों ने उन्हें लेने के लिए शो के सेट पर भी पहुंचे थे। पवन सिंह ने अपनी पुरानी कमिटमेंट्स का हवाला दिया और कहा कि उनके परिवार को एक सेवा कार्य में शामिल होना है, जिसमें उनकी उपस्थिति जरूरी है। उन्होंने जाते-जाते कहा कि वह हमेशा के लिए नहीं जा रहे हैं और जब भी दिल से याद करेंगे तो वापस आएंगे।
भावुक हुए साथी कंटेस्टेंट्स
पवन सिंह के इस फैसले से शो के बाकी कंटेस्टेंट्स भी भावुक हो गए। खासकर धनश्री वर्मा और आकृति नेगी की आंखों में आंसू आ गए। पवन सिंह ने सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे खेल को सच्चे मन से खेलें। उनके जाने से फैंस काफी दुखी हैं, और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट किया है कि अब वे यह शो नहीं देखेंगे, क्योंकि वे इसे केवल पवन सिंह की वजह से देख रहे थे।
