रानू यादव: करण जौहर और नीरज घेवान द्वारा निर्मित औरनिर्देशित फिल्म ‘होमबाउंड’ को ऑस्कर 2026 में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। ऑस्कर 2026 में भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुनी गई फिल्म ‘होमबाउंड’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यह फिल्म बेस्ट इंटरनेशनल फीचर कैटेगरी के लिए नामित की गई है।

यह फिल्म इस साल प्रतिष्ठित अकादमी फिल्म पुरस्कारों में भारत का मान बढ़ाएगी। भारत में अपने रिलीज से पहले यह फिल्म कई विदेशी फिल्म फेस्टिवल में अपनी उपस्थिति दर्ज कर चुकी है। फिल्म की कहानी काफी भावुक कर देने वाली है।

होमबाउंड की कहानी?
यह फिल्म दो बचपन के दोस्तों – मोहम्मद शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन कुमार (विशाल जेठवा) की कहानी है, जो उत्तर भारत के एक छोटे से गांव में रहते हैं। दोनों पुलिस में भर्ती होकर समाज में सम्मान और गरिमा पाना चाहते हैं। हालांकि, उनकी धार्मिक पहचान और जाति उनके रास्ते में बाधा बन जाती है। फिल्म इन दोनों के संघर्षों, सपनों और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों को दर्शाती है। फिल्म में सुधा भारती (जान्हवी कपूर) का किरदार भी है, जो विपरीत परिस्थितियों से लड़ते हुए बड़े सपने देखती है।

यह कहानी न्यूयॉर्क टाइम्स के 2020 के एक लेख ‘ए फ्रेंडशिप, ए पैंडेमिक एंड ए डेथ बिसाइड द हाइवे’ से प्रेरित है, और इसमें लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के पलायन का दर्द भी दिखाया गया है।

किसने किया है निर्देशन?
करण जौहर के साथ फिल्म ‘होमबाउंड’ का निर्देशन नीरज घेवान ने किया है। नीरज घेवान को उनकी 2015 की फिल्म ‘मसान’ के लिए भी जाना जाता है, जिसने कान्स फिल्म फेस्टिवल में कई पुरस्कार जीते थे। उन्होंने ‘सेक्रेड गेम्स’ और ‘लस्ट स्टोरीज’ जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज़ के एपिसोड्स का भी निर्देशन किया है।

‘होमबाउंड’ में उनके निर्देशन को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में बहुत सराहा गया है। मेलबर्न अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (IFFM) में उन्हें ‘बेस्ट डायरेक्टर’ का पुरस्कार भी मिला। उनके निर्देशन की शैली को अक्सर यथार्थवादी, संवेदनशील और भावनात्मक रूप से गहरी माना जाता है, जिसमें वे किरदारों और उनकी कहानियों को बहुत बारीकी से पेश करते हैं।

होमबाउंड’ ने इन विदेशी फिल्म फेस्टिवल्स में बनाई जगह!
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025: इस फिल्म का प्रीमियर कान्स में हुआ, मई में आयोजित हुए फेस्टिवल में होमबाउंड अन सर्टेन रिगार्ड सेक्शन में चुनी गई थी। 78वें कान फिल्म फेस्टिवल में इस फिल्म को देखने के बाद इसे दर्शकों ने 9 मिनट तक खड़े होकर सम्मान दिया।

टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (TIFF) 2025: फिल्म ने ‘इंटरनेशनल पीपल्स चॉइस’ कैटेगरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जो यह दिखाता है कि इसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया। होमबाउंड TIFF के गाला प्रेजेंटेशन में प्रदर्शित हुई। 50 वे टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव में भी होमबाउंड को स्टैंडिंग ओवेशन मिला।

मेलबर्न अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (IFFM) 2025: यहां फिल्म ने ‘बेस्ट फिल्म’ का पुरस्कार जीता और निर्देशक नीरज घेवान को ‘बेस्ट डायरेक्टर’ का अवॉर्ड मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *