रिया सिन्हा
बहुप्रतीक्षित पैन-इंडियन फिल्म ‘वृषभा’ का धमाकेदार टीजर आज, 18 सितंबर को रिलीज हो गया है। मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और टीजर में उनका दमदार एक्शन अवतार फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शक अब इसके भव्य दृश्यों और मोहनलाल के इंटेंस लुक को देखकर उत्साहित हैं।
टीजर में दिखा एक्शन और भावना का संगम
‘वृषभा’ एक महाकाव्य ड्रामा है जो एक पिता और पुत्र के रिश्ते की कहानी को कई जन्मों तक फैलाता है। टीजर में मोहनलाल एक योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं, जो ढाल और त्रिशूलनुमा हथियार के साथ दुश्मनों का सामना करते दिख रहे हैं। टीजर का हर फ्रेम शानदार विजुअल्स और जबरदस्त एक्शन से भरा हुआ है, जो फिल्म के बड़े पैमाने का संकेत देता है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म केवल एक्शन ही नहीं, बल्कि भावनाओं और बदले की कहानी भी है, जो भारतीय सिनेमा में एक नया अध्याय लिखेगी।
पैन-इंडिया फिल्म, बड़ी स्टार कास्ट
नंदा किशोर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में मोहनलाल के अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री शनाया कपूर और रोशन मेका भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह शनाया कपूर का साउथ इंडियन सिनेमा में डेब्यू है। ‘वृषभा’ को मलयालम और तेलुगु में एक साथ शूट किया गया है और इसे हिंदी, तमिल और कन्नड़ में भी रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म अपनी शानदार स्टार कास्ट और भव्य कहानी के साथ दर्शकों को एक नया अनुभव देने के लिए तैयार है।

