निहारिका शर्मा। जापान में उत्पन्न हुई ‘माचा’ नामक चाय आज देशभर में ‘चाय पे चर्चा’ की नई चाय बनकर उभर रही है।
जहाँ पहले लोग ग्रीन टी जैसी सेहतमंद चाय का आनंद ले रहे थे, वहीं मार्केट में एक नई Instagram-worthy चाय ने अपनी एंट्री मार दी है, जो अब सेहत से ज़्यादा एस्थेटिक और लाइफस्टाइल स्टेटमेंट बनने की ओर अग्रसर होती दिखाई दे रही है।

क्या है माचा?
माचा बारीक पिसे हुए पाउडर के रूप में मिलने वाली एक हरी चाय है, जिसे ग्रीन टी की पत्तियों को धूप की छांव में सुखा कर बनाया जाता है।
छांव में बनने के कारण इसका रंग गहरा हरा होता है।

माचा का इतिहास-
माचा का जन्म चीन में हुआ लेकिन 14वीं शताब्दी में चीन द्वारा इसके कच्चे माल के उत्पादन पर बैन लगाने से इसका उत्पादन बंद हो गया।

तद उपरांत 16वीं शताब्दी में जापान में इसे उगाने की शुरुआत हुई।
आज के समय में जापान माचा का सबसे बड़ा उत्पादक है।

जापान में एक सांस्कृतिक परंपरा – जापानी टी सेरेमनी (चानोयू) मनाई जाती है, जिसमें माचा को बनाने, परोसने से लेकर पूरी प्रक्रिया अध्यात्मिक अभ्यास के रूप में की जाती है।

माचा और सोशल मीडिया –
हाल ही में सोशल मीडिया और मार्केट में ये माचा चाय एक ख़ास विषय बनी हुई है,जहाँ कई सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर इस माचा चाय को ट्राय करते नज़र आ रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर “माचा ट्रेंड” के नाम से पॉपुलर हो रहा है।

अपने गहरे सुंदर हरे रंग से सज्जित यह चाय क्या वाक़ई में इस पॉपुलरिटी के क़ाबिल है या बस एक फ़ैशन स्टेटमेंट?
आइए जानते हैं माचा के स्वास्थ्य लाभों को।

माचा के स्वास्थ्य लाभ-

माचा ग्रीन टी की पत्तियों से बारीक पाउडर के रूप में बनी चाय है, जो विटामिन A, B कॉम्प्लेक्स, C, E और K का एक अच्छा स्रोत मानी गयी है।साथ ही इसमें पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और ज़िंक जैसे मिनरल्स भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं।

इसके अतिरिक्त माचा प्रोटीन सहित EGCG जैसे प्रमुख एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर पाया गया है, जो स्ट्रेस कम करने और मेंटल फोकस बढ़ाने में मददगार साबित हुए हैं।

भले ही लोगों के बीच माचा को बड़े और महंगे कैफ़े या रेस्टोरेंट में ट्राय करना एक स्टेटस सिंबल नज़र आ रहा है, मगर ये समझना ज़रूरी है कि ये स्टेटस सिंबल से बढ़कर असल में ‘सेहत का प्रतीक’ बनकर उभरना चाहिए।तो आप भी माचा को स्वास्थ्य के नज़रिए से देखें और इसका सेवन अपनी सेहत के लिए करें, न कि सिर्फ स्टेटस के लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *