
रोहित रजक: गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 73 को बड़ी सौगात दी गई। मध्यप्रदेश शासन की स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक कृष्णा गौर एवं वार्ड 73 के पार्षद राजू राठौर ने करीब 74 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस दौरान शिव नगर फेस 1, 2, 3, अनंत नगर, प्रहलाद वाली गली, सूरज प्रीमियम स्कूल के पीछे और सचिन गौर के घर के सामने सहित कई स्थानों पर कांक्रीट सड़क और नाली निर्माण की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में भानपुर मंडल अध्यक्ष निलेश गौर, भाजपा अजजा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बालिस्ता रावत, जोन 16 अध्यक्ष विकास पटेल, वार्ड 74 पार्षद प्रतिनिधि राजू लोधी, पूर्व पार्षद तुलसा वर्मा, विधायक प्रतिनिधि विनोद साहू सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भूमिपूजन के बाद कृष्णा गौर ने वार्ड के चांदबाड़ी, शिवशक्ति नगर, प्रीत नगर, लक्ष्मी नगर आदि इलाकों में पहुंचकर जनता से संवाद किया। लोगों ने साफ पानी, पानी सप्लाई का प्रेशर बढ़ाने, खुदाई के बाद बने गड्ढों की मरम्मत, नाली सफाई जैसी समस्याएं बताईं। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम, जल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी तथा भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास ही उनकी प्राथमिकता है और जनहित के कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
