रोहित रजक भोपाल: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने देशभर में लॉ शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब अगले तीन सालों तक कोई भी नया लॉ कॉलेज नहीं खोला जा सकेगा।
बीसीआई का कहना है कि अभी बहुत सारे कॉलेज मानकों पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं। ऐसे हालात में नए कॉलेज खोलने से शिक्षा की गुणवत्ता और ज्यादा खराब हो सकती है।
क्यों लगाई रोक ?
बीसीआई ने पाया कि कई लॉ कॉलेज बिना पर्याप्त संसाधनों और योग्य फैकल्टी के चल रहे हैं। न तो उनके पास सही बिल्डिंग है, न ही पर्याप्त क्लासरूम और लाइब्रेरी।
यहां तक कि कई जगह तो स्थायी शिक्षक भी नहीं हैं। इन कारणों से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। इसीलिए बीसीआई ने फैसला लिया कि पहले से चल रहे कॉलेजों को सुधारने पर जोर दिया जाएगा, उसके बाद ही नए कॉलेज खोले जा सकेंगे।
कब तक लागू रहेगी रोक ?
बीसीआई का आदेश 2026-27 तक लागू रहेगा। यानी लगभग तीन साल तक नए कॉलेज खोलने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके बाद स्थिति की समीक्षा होगी और फिर तय किया जाएगा कि रोक हटाई जाए या आगे बढ़ाई जाए।
किन कॉलेजों पर असर पड़ेगा ?
यह नियम पूरे देश के सरकारी और प्राइवेट विश्वविद्यालयों पर लागू होगा। अभी प्रदेश में 32 सरकारी और 102 प्राइवेट लॉ कॉलेज चल रहे हैं। इनमें से कई कॉलेजों को नए कोर्स शुरू करने, फैकल्टी बढ़ाने या नए कैंपस बनाने के लिए बीसीआई से मंजूरी लेनी होगी। जब तक बीसीआई की अनुमति नहीं मिलेगी, तब तक सरकार और विश्वविद्यालय भी उन्हें मान्यता नहीं देंगे।
कॉलेजों को क्या करना होगा ?
बीसीआई ने साफ कहा है कि सभी कॉलेजों को अपनी सुविधाओं और संसाधनों को दुरुस्त करना होगा। जिन कॉलेजों में बिल्डिंग, लाइब्रेरी, लैब, स्थायी शिक्षक और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है, उन्हें पूरा करना होगा। अगर कॉलेज इन शर्तों को पूरा नहीं करते हैं तो उनकी मान्यता भी रद्द हो सकती है।
एडवोकेट्स का समर्थन
एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बीसीआई के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ सालों में बिना मानकों का पालन किए कई कॉलेज खुल गए हैं। इससे लॉ शिक्षा का स्तर गिरा है। अब यह फैसला छात्रों के हित में होगा और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी।
बीसीआई का कहना
बीसीआई ने यह भी कहा है कि अगर कोई कॉलेज नए कोर्स या कैंपस के लिए आवेदन करता है तो उसे पहले सभी मानकों को पूरा करना होगा। इसके बाद बीसीआई निरीक्षण करेगी और फिर मंजूरी देगी।
बीसीआई का यह फैसला लॉ शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए अहम कदम है। आने वाले तीन सालों में उम्मीद है कि कॉलेज अपनी खामियां दूर करेंगे और छात्रों को बेहतर सुविधाएं देंगे। इसके बाद ही नए लॉ कॉलेज खोलने का रास्ता साफ होगा।
