रिशाली त्रिपाठी गोस्वामी अयोध्या में रामलला के मंदिर के साथ संपूर्ण श्री राम जन्मभूमि परिसर अब धीरे-धीरे पूर्णता की ओर बढ़ रहा है. मंदिर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब फाइनल टच दिया जा रहा है. 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर बनकर तैयार हो गया है. दीपावली से ठीक पहले राम मंदिर ट्रस्ट अयोध्या आने वाले राम भक्तों को एक बड़ी सौगात देने जा रहा है. 15 अक्टूबर से राम मंदिर परकोटे के शेषावतार के साथ सभी 6 मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे. इतना ही नहीं, राम मंदिर का दूसरा तल भी पूरी तरह तैयार है, बस दरवाजे लगाने का काम बाकी है.
हजारों वर्षों का संघर्ष समाप्त हुआ है,
इस दीपावली से पहले राम भक्त राम मंदिर में बालक राम और राजा राम के साथ अन्य मठ मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं. इसको लेकर ट्रस्ट ने विचार-विमर्श शुरू कर दिया है. अब राम भक्त कैसे परकोटे के सभी मठ मंदिरों में दर्शन और पूजन कर सकें, इसको लेकर सुरक्षा एजेंसी और राम मंदिर ट्रस्ट में बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है. राम मंदिर के अलावा अन्य मठ मंदिरों के दर्शन को लेकर राम भक्त उत्साहित भी दिख रहे हैं. राम भक्तों का कहना है कि अब हमारे प्रभु का मंदिर बनकर तैयार हुआ है, हजारों वर्षों का संघर्ष समाप्त हुआ है, बहुत अच्छा लग रहा है.
15 अक्टूबर से राम भक्त प्रभु का करेंगे दर्शन
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और मंदिर को फाइनल टच दिया जा रहा है. 15 अक्टूबर से राम भक्त प्रभु राम के मंदिर के साथ अन्य मठ मंदिरों के दर्शन और पूजन कर सकेंगे. इसकी योजना तैयार की जा रही है क्योंकि अभी इन मठ मंदिरों में जाने के लिए रास्तों का निर्माण किया जा रहा है. श्रद्धालु आसानी से और उत्साहित होकर प्रभु के दर्शन कर सकें, ऐसी योजना ट्रस्ट तैयार कर रहा है.

