रिया सिन्हा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितम्बर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह काशीवासियों को कई नई सौगात देंगे।सबसे अहम कार्यक्रम होगा सारनाथ स्थित तिब्बती संस्थान परिसर में बने सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का लोकार्पण।
यह अस्पताल और कॉलेज लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से 2700 वर्गमीटर क्षेत्रफल में तैयार हुआ है। इसमें 45 बेड की सुविधा उपलब्ध है। तिब्बती शैली में निर्मित यह भवन वर्ष 2018 में शुरू हुआ था और 2023 में बनकर तैयार हो गया।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने 2 अगस्त को वाराणसी दौरे के दौरान ही इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन करना था, लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अब इसका लोकार्पण 13 सितम्बर को तय हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी हर तीन महीने के अंतराल पर वाराणसी पहुंचते हैं।
वाराणसी के विकास कार्यों की सूची में एक और नाम जुड़ सकता है। अगर ककरमत्ता रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य समय पर पूरा हो गया, तो प्रधानमंत्री मोदी उसका भी लोकार्पण कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी हर तीन महीने के अंतराल पर वाराणसी पहुंचते हैं।
2200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास
पिछली बार वह काशी दौरे पर आए थे तो करीब 2200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था।सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे पर बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं। साथ ही, उनका यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि 17 सितम्बर को उनका जन्मदिन है। ऐसे में प्रधानमंत्री काशी आकर अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से सीधे संवाद करेंगे और विकास कार्यों की सौगात देंगे।
अब काशी की निगाहें 13 सितम्बर पर टिकी हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी दौरे पर आकर नई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और काशीवासियों को संबोधित करेंगे।
