रानू यादव
ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी और उन्हें एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।


यह मामला मई 2021 का है, जब दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की पिटाई से मौत हो गई थी। सुशील कुमार पर इस हत्या का आरोप है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने दी थी जमानत!
दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में सुशील कुमार को जमानत दी थी, लेकिन सागर के पिता अशोक धनखड़ ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर कर जमानत रद्द करने की मांग की थी। उन्होंने कोर्ट को बताया कि सुशील कुमार जैसे प्रभावशाली व्यक्ति के बाहर रहने से गवाहों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है और उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।


सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद हाई कोर्ट के फैसले को पलट दिया। अदालत ने कहा कि इतने गंभीर अपराध के आरोपी को जमानत पर बाहर रखना जांच की निष्पक्षता और गवाहों की सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है। कानून की नजर में निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।

7 दिन के अंदर करना होगा सरेंडर!
इस फैसले के बाद सुशील कुमार को 7 दिन के भीतर पुलिस के सामने सरेंडर करना होगा। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं, तो उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। यह फैसला इस हाई-प्रोफाइल मामले में एक नया मोड़ है और इसने एक बार फिर खेल जगत में हलचल मचा दी है।

धीमे मुकदमे के कारण पर मिली जमानत!
सुशील कुमार ने दिल्ली हाई कोर्ट में जमानत याचिका दायर करते हुए तर्क दिया था कि वह पहले ही साढ़े तीन साल जेल में बिता चुके हैं और मुकदमा जल्द खत्म होने की संभावना नहीं है।अभियोजन पक्ष के 222 गवाहों में से अब तक केवल 31 से ही पूछताछ हुई थी कोर्ट ने लंबी कैद और मुकदमे की धीमी प्रगति को देखते हुए 4 मार्च 2024 को उन्हें जमानत दे दी थी।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश को पलटते हुए कहा कि मामले की गंभीरता और आरोपों की प्रकृति को देखते हुए आरोपी को जमानत पर नहीं रखा जा सकता।कोर्ट ने साफ किया कि सुशील कुमार को एक सप्ताह के भीतर सरेंडर करना होगा।

करियर को लगा बड़ा धक्का!
ओलंपिक में भारत का नाम रोशन करने वाले सुशील कुमार ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक और 2012 लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीता था।हालांकि, सागर धनखड़ हत्याकांड के बाद से उनका करियर और छवि दोनों पर गहरा असर पड़ा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह मामला किस दिशा में बढ़ता है, लेकिन फिलहाल सुशील कुमार के लिए जेल जाना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *