कामना कासोटिया, भोपाल: अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमेरिकी एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय आग लग गई जब उसका लैंडिंग गियर फेल हो गया। यह विमान ‘बोइंग 737 मैक्स 8’ था जिसमें कुल 173 यात्री सवार थे।

लैंडिंग गियर में आई खराबी

लैंडिंग गियर में खराबी आने के बाद विमान को टेकऑफ से पहले ही रोकना पड़ा और इमरजेंसी स्लाइडर की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।इ स हादसे में 6 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी फ्लाइट से गंतव्य की ओर भेजा गया।

घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। उड़ान भरने से कुछ ही समय पहले विमान के पिछले हिस्से से धुआं निकलता देखा गया। उसके तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन को जानकारी दी गई और पायलट ने टेकऑफ रोकने का फैसला लिया। सुरक्षा कारणों से विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया और इमरजेंसी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइडर (फिसलने वाले दरवाजे) के जरिए बाहर निकाला गया।

अभी तक की जानकारी के अनुसार, यह आग विमान के इंजन या पिछले हिस्से में तकनीकी खराबी के कारण लगी थी। हालांकि, सही कारणों की जांच एनटीएसबी (नेशनल ट्रांसपोर्ट सेफ्टी बोर्ड) और एफएए (फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन) कर रही है। यह ध्यान देने वाली बात है कि कुछ ही समय पहले इसी कंपनी के एक अन्य विमान का हादसा भारत के अहमदाबाद में हुआ था, जहां टेकऑफ के दो मिनट बाद ही क्रैश हो गया था। इस हादसे में 270 लोगों की जान गई थी।

बोइंग विमानों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल

इस तरह लगातार हो रही तकनीकी खामियों ने बोइंग विमानों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान पहले भी कई विवादों और हादसों में शामिल रहा है। साल 2018 और 2019 में दो बड़े हादसों के बाद इसे कुछ समय के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया था। बाद में जरूरी बदलावों के बाद ही इसे दोबारा उड़ान भरने की इजाजत मिली।

डेनवर हादसे के बाद अमेरिका की एविएशन अथॉरिटी ने बोइंग और एयरलाइन कंपनी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। यात्रियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। जिन लोगों को हल्की चोटें आई हैं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।इस हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है, लेकिन राहत की बात यह है कि पायलट और क्रू की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और 173 लोगों की जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *