रिपोर्ट,काजल जाटव: भारत ने एक और बहुत ही खास मुकाम हासिल कर लिया है, भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क देश है। पिछले दस साल में भारत में सड़कें काफी तेजी से बढ़ीं हैं, करीब 60% की बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते हमने चीन को थोड़ा पीछे छोड़ दिया है।

अब भारतीय सड़क नेटवर्क लगभग 67 लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है, जबकि चीन का नेटवर्क लगभग 52 लाख किलोमीटर है। यह सब संभव हो पाया है देश की मजबूत नीतियों, सतत इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के जज़्बे और केंद्र सरकार की रोड कनेक्टिविटी मिशन की वजह से। इस दौरान सड़क बनाने का काम ग्रामीण इलाकों से शुरू होकर एक्सप्रेसवे तक फैल गया है, और इसका फायदा यह है कि देश के गांव-गांव, छोटे शहर और बड़े आर्थिक केंद्र अब सड़क से जुड़ गए हैं, जिससे जीवन आसान हो गया है।

वैश्विक नेटवर्क में भारत का स्थान

आंकड़ों के हिसाब से, अभी भी अमेरिका 68 लाख किलोमीटर सड़क के साथ पहले नंबर पर है, पर भारत करीब-करीब उसके बहुत पास पहुँच गया है। चीन तीसरे पायदान पर है। बाकी देशों जैसे ब्राज़ील (20 लाख किमी), रूस (15.3 लाख किमी), जापान (12.1 लाख किमी) और फ्रांस (10.5 लाख किमी) हमारे पीछे ही हैं।

क्यों महत्वपूर्ण है यह उपलब्धि?

सड़कों तक पहुंच ने हमारे आर्थिक ही नहीं दैनिक जीवन को भी आसान बना दिया है। यहाँ हम देखेंगे कि सड़के क्यों इतना महत्व रखती हैं।

  • आर्थिक तरक्की में मददगार: अच्छी सड़कें व्यापार, ट्रांसपोर्ट और सप्लाई चैन को मजबूत बनाती हैं, जिससे छोटे और मध्यम व्यवसायों को बड़ा फायदा हुआ है।
  • नौकरी के मौके बढ़े: सड़क बनाने के काम से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला है, चाहे वो प्रत्यक्ष हो या अप्रत्यक्ष। इससे गांव और शहर दोनों की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है।
  • कनेक्टिविटी में सुधार: अब दूर-दराज़ के गांवों और सीमा क्षेत्रों को सड़क के जरिए जोड़ दिया गया है, जिससे स्कूल, अस्पताल और जरूरी सुविधाएं आसान तरीके से पहुंच सकें।
  • पर्यटन को प्रोत्साहन: सड़कों की अधिकता से मंदिर, ऐतिहासिक जगहें और प्राकृतिक स्थल अधिक आसानी से पहुंचने लगे हैं, जिससे टूरिज्म और ज्यादा बढ़ा है।

जहाँ सड़क नहीं, वहाँ संघर्ष है

जहाँ सड़क नहीं होती, वहाँ असली संघर्ष शुरू हो जाता है। इन जगहों पर रहने वालों को तरह-तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सबसे खतरनाक बात ये है कि वहाँ न तो स्वास्थ्य सेवाएँ सही से पहुंचती हैं, न ही बच्चे स्कूल जा पाते हैं, और न ही किसान बाजार तक अपनी फसलें पहुंचा पाते हैं। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा का सवाल भी खड़ा हो जाता है, खासतौर पर जब उन्हें रात में या सुनसान रास्तों पर जाना पड़ता है। इन सब बातों का असर हमारे जीवन और समाज दोनों पर पड़ता है। पहले भारत के कई इलाकों में गांव और दुर्गम क्षेत्र ऐसे थे जहां सड़कें नहीं पहुंचीं थी या फिर बहुत ही बुरी हालत में थी लेकिन अब स्थिति बदल रही है, देश तरक्की कर रहा है।

सरकार के कदम और योगदान

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भारतमाला, नेशनल हाईवे डेवलपमेंट और अन्य कई प्रोजेक्ट्स ने भारत की सड़कों  को विश्व स्तर का बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसके साथ ही, फास्टैग, टोल प्लाजा का डिजिटलाइजेशन और ग्रीन हाईवे जैसी पहलें यात्रा को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद कर रही हैं।

यह रिकॉर्ड सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत की बदलती तस्वीर का सूचक है। देश अब सिर्फ आर्थिक संदर्भ में ही नहीं, बल्कि भौतिक आधारभूत ढांचे के मामले में भी दुनिया में मजबूती से उभर रहा है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है और दिखाता है कि “नया भारत” तेजी से आगे बढ़ रहा है, सड़क पर भी और विकास की दिशा में भी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *