रोहित रजक: नई दिल्ली। ई-कॉमर्स की बड़ी कंपनी मिंत्रा एक बड़े विवाद में फंस गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मिंत्रा और उसकी सहयोगी कंपनियों के खिलाफ फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि मिंत्रा ने विदेशी निवेश का गलत तरीके से इस्तेमाल किया है और भारत की विदेशी मुद्रा नियमों का उल्लंघन किया है। यह मामला करीब 1,654 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा गड़बड़ी से जुड़ा हुआ है। ईडी ने मिंत्रा के फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स की जांच भी शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी को जानकारी मिली थी कि मिंत्रा डिज़ाइन्स प्राइवेट लिमिटेड और उसकी सहयोगी कंपनियां Myntra Holdings Pvt. Ltd. के जरिए Multy Brand Retail Business चला रही हैं।

यह पूरा काम विदेशी निवेश के नियमों के खिलाफ है। विदेशी निवेश (FDI) नीति के अनुसार, मल्टी ब्रांड रिटेल सेक्टर में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सख्त पाबंदियां हैं।
ईडी ने शुरुआती जांच में पाया कि मिंत्रा ने विदेशी फंड्स का इस्तेमाल गलत ढंग से किया है और इसी आधार पर उसके खिलाफ FEMA के प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है। अब ईडी यह जांच कर रहा है कि कंपनी ने विदेश से आने वाले पैसों का दुरुपयोग तो नहीं किया, और क्या नियमों की अनदेखी की गई है।
फाइनेंशियल दस्तावेज़ों की भी जांच शुरू
ईडी ने कंपनी के दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड्स की छानबीन शुरू कर दी है। यह देखा जा रहा है कि मिंत्रा ने विदेशी फंड्स का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया और क्या इसमें कोई गड़बड़ी हुई है।
फेमा कानून के अनुसार, किसी भी भारतीय कंपनी को विदेशी पैसे का गलत उपयोग नहीं करना चाहिए, जैसे मनी लॉन्ड्रिंग या टैक्स चोरी जैसे मामलों में।
फेमा क्या कहता है ?
फेमा (FEMA) भारत का एक कानून है जो विदेशी निवेश और विदेशी मुद्रा के लेन-देन को नियंत्रित करता है। इसका उद्देश्य विदेशी निवेश को बढ़ावा देना है, लेकिन एक तय दायरे में।
फेमा के अनुसार, किसी भी कंपनी को यह सुनिश्चित करना होता है कि वह विदेशी पैसों का इस्तेमाल पारदर्शी और वैध तरीके से करे। अगर कोई कंपनी इसका उल्लंघन करती है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कार्रवाई तय: जिम्मेदारी तय करेगा ईडी
इस मामले में ईडी अब उन सभी व्यक्तियों और कंपनियों की जिम्मेदारी तय करेगा, जिन्होंने विदेशी निवेश कानून का उल्लंघन किया है।
अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। ईडी के मुताबिक, जांच पूरी होते ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
मिंत्रा कौन सी कंपनी है ?
मिंत्रा भारत की एक मशहूर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म है, जहां कपड़े, जूते, एक्सेसरीज़ जैसे कई प्रोडक्ट्स मिलते हैं। यह कंपनी खासकर फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़े प्रोडक्ट्स के लिए जानी जाती है।
फ्लिपकार्ट है मिंत्रा की पैरेंट कंपनी
साल 2014 में फ्लिपकार्ट ने मिंत्रा को करीब 2000 करोड़ रुपए में खरीदा था। उस समय मिंत्रा के पास 1000 से ज्यादा ब्रांड्स और करीब 1.5 लाख प्रोडक्ट्स थे। मिंत्रा की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और यह युवाओं के बीच खासा फेमस हो गया।
हालांकि कंपनी का स्वत्व अब पूरी तरह फ्लिपकार्ट के पास है, जो खुद वॉलमार्ट की सब्सिडियरी है। मिंत्रा के पास भारत के फैशन ई-कॉमर्स सेक्टर में बड़ी हिस्सेदारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2021-22 में मिंत्रा को 3,501 करोड़ रुपए का ऑपरेशनल रेवेन्यू हुआ था, जो 2022-23 में बढ़कर 4,375 करोड़ रुपए हो गया।
क्या हो सकते हैं असर ?
इस पूरे विवाद का असर मिंत्रा की छवि और बिजनेस पर पड़ सकता है। विदेशी निवेशकों में असुरक्षा का भाव आ सकता है और कंपनी की वैल्यूएशन पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
साथ ही सरकार के लिए भी यह केस एक उदाहरण बनेगा कि विदेशी फंड्स के दुरुपयोग पर कितनी सख्ती बरती जा सकती है।
मिंत्रा पर 1654 करोड़ रुपये के विदेशी मुद्रा के दुरुपयोग का आरोप गंभीर है। ईडी की जांच में अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह कंपनी के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
यह मामला केवल एक कंपनी का नहीं बल्कि भारत में विदेशी निवेश और ई-कॉमर्स नियमों की पारदर्शिता और सख्ती का भी बड़ा उदाहरण बन सकता है।
