रिपोर्ट रोहित रजक भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा का शनिवार को भोपाल स्थित रविंद्र भवन सभागार में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति के बीच हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि भाजपा परिवार या किसी एक समाज की पार्टी नहीं है, बल्कि यह संगठन अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा से चलता है।
उन्होंने कहा, “मैं खुद को अध्यक्ष नहीं, एक कार्यकर्ता मानता हूं। संगठन में पद नहीं, जिम्मेदारी और सेवा का भाव जरूरी है।” इस मौके पर उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने भी नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
भोपाल की भूमि से मिला कमल को विस्तार
हेमंत खंडेलवाल ने कहा, “भोपाल की भूमि ने संगठन को हमेशा मजबूती दी है।” यहीं से कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विचार को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो दिन-रात मेहनत करते हैं।
“हमारा संगठन किसी एक परिवार या व्यक्ति आधारित नहीं है। यहां हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है, और यही हमें दूसरी पार्टियों से अलग बनाता है”, उन्होने पूरा किया।
“कार्यकर्ता ठान लें तो हर चुनाव संभव”
खंडेलवाल ने कहा कि यदि हर कार्यकर्ता ठान ले, तो भाजपा कोई भी चुनाव जीत सकती है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ता यदि मतदाता से संवाद करें, उनकी समस्याएं जानें और समाधान का भरोसा दिलाएं, तो पार्टी को अपार समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव हों या फिर विधानसभा और लोकसभा, हमें हर चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है।
भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा, “आप ही भाजपा की असली ताकत हैं। यहां नेता नहीं, कार्यकर्ता बड़ा होता है।” उन्होंने कहा कि संगठन को अगर नई ऊंचाइयों पर ले जाना है, तो युवा, महिला और वरिष्ठ सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा को न केवल चुनाव जीतने की दिशा में बढ़ना है, बल्कि समाज के हर वर्ग में पार्टी की पहुंच भी बनानी है।
हितानंद शर्मा का संदेश : “संगठन को सर्वोपरि मानें”
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि भाजपा का ढांचा विचार और संगठन पर आधारित है। उन्होंने कहा, “संगठन की ताकत से ही पार्टी बड़ी बनती है। व्यक्ति चाहे कोई भी हो, संगठन का अनुशासन और दिशा ही सर्वोपरि होनी चाहिए।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सेवा, समर्पण और संगठन के मूल्यों को अपनाकर काम करें। “अगर हम सब मिलकर एकजुटता के साथ कार्य करेंगे, तो भाजपा को हर मोर्चे पर विजय मिलेगी।”
भविष्य की तैयारी – लक्ष्य 2028
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का अगला लक्ष्य 2028 के विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करना है। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ चुनाव के समय नहीं, पूरे समय सक्रिय रहें, यही भाजपा की सफलता का मंत्र है।
कार्यकर्ताओं ने जताया विश्वास
समारोह में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नए प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। मंच पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पार्टी संगठन और मजबूत होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का यह स्पष्ट संदेश कि भाजपा परिवार या समाज से नहीं, कार्यकर्ताओं की ताकत से चलती है, ये ही संगठन को नई दिशा देने वाला है। यह कार्यक्रम केवल स्वागत का आयोजन नहीं था, बल्कि एक संदेश भी था कि अब संगठन की जिम्मेदारी नई टीम के हाथों में है, और इस टीम का लक्ष्य सिर्फ चुनावी जीत नहीं, संगठन को हर वर्ग में और हर क्षेत्र में विस्तार देना है।
