रोहित रजक, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अब संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। पार्टी ने अगले दो वर्षों तक कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण देने की योजना बनाई है।

कार्यकर्ताओं को किया जाएगा प्रशिक्षित

इसके लिए प्रदेश भर में 100 प्रशिक्षकों को चयनित किया गया है, जो पार्टी की सांगठनिक मजबूती और वैचारिक स्पष्टता को बूथ स्तर तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। पार्टी के प्रशिक्षण विभाग द्वारा दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के 200 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इन सभी में से साक्षात्कार के माध्यम से 100 लोगों का चयन किया गया जो आने वाले समय में प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे।प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद इन प्रशिक्षकों को जिलों में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वे जिले, ब्लॉक और बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।

योजना का उद्देश्य

इस योजना का उद्देश्य पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक ढांचे और वैचारिक मूल्यों की गहराई से जानकारी देना है, जिससे वे जमीनी स्तर पर पार्टी की मजबूती में योगदान दे सकें।

साक्षात्कार में वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र जोशी (प्रदेश प्रभारी प्रशिक्षण), श्रीमती विंग कमांडर अनुपमा आचार्य, सुभाषिनी चतुर्वेदी, ललित सेन, अर्जुन तिवारी, अवनीश प्रताप सिंह, आशीष जैन सहित कई अनुभवी प्रशिक्षण विशेषज्ञ मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षुओं की क्षमता और संगठन के प्रति उनकी समझ को परखा।पार्टी के प्रदेश सचिव संजय कापले ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण नहीं बल्कि विचारों के प्रचार-प्रसार का माध्यम भी बनेगा।

प्रशिक्षक न केवल संगठन की रीति-नीति बताएंगे, बल्कि कांग्रेस की वैचारिक सोच को भी कार्यकर्ताओं में रोपित करेंगे।प्रदेश कांग्रेस की इस नई पहल को बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। आगामी महीनों में प्रशिक्षक प्रदेश के हर जिले में जाकर पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे और उन्हें पार्टी की रीति, नीति और विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करेंगे।इस योजना से न केवल पार्टी को संगठित करने में मदद मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और कार्यकुशलता भी विकसित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *