पलक राजपूत, दिल्ली ग्रेटर नोएडा में प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम के दौरान पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा पलटवार किया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के हालिया बयान को भारत और भारतीयता के लिए डरावना बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं की जाती है।दरअसल, पूरा मामला 19 सितंबर का है।

दिल्ली के इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में संविधान विशेषज्ञ एजी नूरानी की याद में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक पुराने बयान का हवाला दिया था।

उन्होंने कहा था कि भारत के लिए असली खतरा वामपंथी उग्रवाद या साम्यवाद नहीं है, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है। इसके साथ ही उन्होंने एजी नूरानी की किताब ‘द आरएसएस: अ मेनेस टू इंडिया’ का भी जिक्र किया था।जैसे ही यह बयान सामने आया, सियासी हलचल तेज हो गई।

20 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रेरणा विमर्श 2026 कार्यक्रम के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी।मुख्यमंत्री योगी ने मंच से कहा कि कुछ लोगों की फितरत होती है कि वे अपने पद की मर्यादा को बनाए नहीं रख पाते हैं।

उस मर्यादा के विपरीत आचरण करना उनके जीवन की फितरत बन चुकी होती है। हामिद अंसारी देश के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं और उनका दिया गया बयान बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हामिद अंसारी की तरफ से भारत की सनातन परंपरा को कोसने, हिंदू परंपरा को अपमानित करने और उसे आतंकवाद से जोड़ने का निंदनीय प्रयास किया गया है। इस तरह के बयान भारत की छवि को दुनिया में खराब करने वाले एजेंडे का हिस्सा हैं।

प्रेरणा विमर्श 2026 कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *