शिवाजी कुमार सिंह इंदौर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) के छात्र तनय शर्मा ने विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए। छात्रों के साथ संवाद के दौरान तनय ने मास्टर्स में प्रवेश नहीं मिलने और इंटरव्यू में कम अंक दिए जाने का आरोप लगाया।
तनय के मुताबिक, उन्होंने MCU से तीन साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद मास्टर्स में दाखिले के लिए आवेदन किया था। उनका दावा है कि अकादमिक रिकॉर्ड अच्छा होने के बावजूद उन्हें प्रवेश नहीं मिला। उन्होंने इंटरव्यू में दिए गए अंकों को लेकर भी सवाल उठाए और पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर चिंता जताई।
RTI से मांगी थी स्कोरिंग की जानकारी
तनय ने राहुल गांधी को बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में इंटरव्यू और स्कोरिंग से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए उन्होंने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी थी। उनके अनुसार, RTI के जवाब में स्कोरिंग से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।
छात्र ने लगाए भेदभाव के आरोप
बातचीत के दौरान तनय ने विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि छात्र गतिविधियों और उनके विचारों की वजह से उनके साथ भेदभाव किया गया। तनय ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी विचारधारा से सहमत नहीं था।
उन्होंने राहुल गांधी के सामने प्रवेश प्रक्रिया में समान व्यवहार और पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग रखी।
विश्वविद्यालय का पक्ष सामने आना बाकी
राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में छात्रों से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं सहित कई मुद्दों पर बातचीत हुई। इसी दौरान MCU से जुड़े प्रवेश विवाद का मुद्दा भी सामने आया।
हालांकि, तनय शर्मा की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में MCU प्रशासन या संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।


