Muskan Garg: भोपाल शहर का बहुप्रतीक्षित और चर्चित सांस्कृतिक आयोजन “तरंग कला महोत्सव 6.0” इस वर्ष एक बिल्कुल नई, रोमांचक और दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाली थीम के साथ दर्शकों के बीच आने जा रहा है। नटराजन संस्था द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम 3 जून 2026 को शाम 5 बजे से रवींद्र भवन, भोपाल में आयोजित होगा।
हर साल नई थीम, इस बार हॉरर का जबरदस्त तड़का:
तरंग कला महोत्सव अपनी अनूठी प्रस्तुतियों और सामाजिक संदेशों के लिए वर्षों से खास पहचान रखता आया है। पहले भारतीय लोकनृत्य, कथक, भरतनाट्यम, “यमलोक” जैसे सामाजिक संदेश आधारित मंचन और “अलादीन और जीनी” की अरबियन नाइट्स शैली की प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था।
लेकिन इस बार महोत्सव पहली बार कुछ ऐसा लेकर आ रहा है जो पहले कभी मंच पर नहीं देखा गया — हॉरर थीम पर आधारित मॉडर्न थिएटर।
डर, सस्पेंस, कॉमेडी और एक्शन का होगा सिनेमाई अनुभव:
हॉलीवुड फिल्म शैली में लिखे गए इस विशेष नाटक में सिर्फ डर ही नहीं, बल्कि सस्पेंस, सोशल मैसेज, कॉमेडी और एक्शन का भी शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि यह अपने प्रकार का एक अनूठा प्रयोग होगा, जिसमें आधुनिक तकनीक, संगीत, अभिनय और नृत्य का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा।
जॉय वाधवानी की कहानी, 250 कलाकारों का विशाल मंचन:
इस रोमांचक कहानी को नृत्य निर्देशक एवं मॉडर्न थिएटर प्रशिक्षक जॉय वाधवानी ने लिखा है, जबकि इसकी कोरियोग्राफी उनकी टीम द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम के लिए विशेष कॉस्ट्यूम डिज़ाइन किए गए हैं और प्रोफेशनल मेकअप टीम भी इसका अहम हिस्सा होगी।
इस भव्य आयोजन में करीब 250 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं, जिनकी आयु 8 वर्ष से 50 वर्ष तक है।
दो घंटे का प्री-रिकॉर्डेड ड्रामा बनेगा मुख्य आकर्षण:
कार्यक्रम में कथक और भरतनाट्यम जैसी शास्त्रीय प्रस्तुतियां भी शामिल होंगी, लेकिन सबसे बड़ा आकर्षण लगभग दो घंटे का प्री-रिकॉर्डेड मॉडर्न ड्रामा रहेगा, जिसकी रिकॉर्डिंग नटराजन संस्थान के स्टूडियो में की गई है।
खास बात यह है कि इस नाटक के गीत और संगीत भी संस्थान की टीम द्वारा स्वयं लिखे, कंपोज और तैयार किए गए हैं, जिससे प्रस्तुति और भी विशेष बन जाती है।
टिकट जल्द होंगे उपलब्ध, आयोजकों ने दी विशेष चेतावनी:
कार्यक्रम को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। आयोजकों ने जानकारी दी है कि इसके टिकट जल्द ही बुकमायशो पर उपलब्ध होंगे।
साथ ही आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह हॉरर आधारित प्रस्तुति है, इसलिए हार्ट पेशेंट और बहुत छोटे बच्चों के लिए यह कार्यक्रम उपयुक्त नहीं माना जा रहा है।
तरंग कला महोत्सव 6.0: इस बार मंच पर सिर्फ मनोरंजन नहीं, एक यादगार अनुभव आपका इंतजार कर रहा है।
