Baljinder Kaur: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को 2025-26 सत्र के लिए सीनियर पुरुष और महिला क्रिकेटरों की वार्षिक अनुबंध सूची जारी कर दी। इस बार की लिस्ट में कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। जहां एक ओर युवा और मौजूदा फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों को प्रमोशन मिला है, वहीं भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली को बड़ा झटका लगा है।
रोहित और कोहली ग्रेड बी में, A+ श्रेणी पूरी तरह हटाई गई
बीसीसीआई ने इस साल वार्षिक अनुबंध से A+ ग्रेड को पूरी तरह हटा दिया है, जिससे सबसे ज्यादा असर रोहित शर्मा और विराट कोहली पर पड़ा है। दोनों सीनियर खिलाड़ियों को इस बार ग्रेड बी में रखा गया है।
ग्रेड ए में चमके नए चेहरे और भरोसेमंद खिलाड़ी
बीसीसीआई ने पुरुष क्रिकेट में तीन खिलाड़ियों को ग्रेड ए में शामिल किया है। इनमें शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा शामिल है। ये तीनों खिलाड़ी लगातार दो प्रारूपों में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते बोर्ड ने उन पर भरोसा जताया है।
महिला क्रिकेटरों को भी मिला सम्मान
महिला क्रिकेट में भी बीसीसीआई ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को ग्रेड ए में जगह दी है। इस सूची में शामिल हैं हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा। इन खिलाड़ियों ने हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है और टीम की रीढ़ साबित हुई हैं।
अनुबंध नीति में साफ दिखा बदलाव का संकेत
बीसीसीआई की इस नई अनुबंध सूची से साफ संकेत मिलता है कि बोर्ड अब फॉर्म, फिटनेस और निरंतरता को प्राथमिकता दे रहा है। सीनियर होने के बजाय प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को रैंकिंग दी जा रही है। यह कदम भविष्य के क्रिकेट को ध्यान में रखते हुए उठाया गया माना जा रहा है।
BCCI की जारी की गई यह सूची भारतीय क्रिकेट में उभरती नई पीढ़ी के नेतृत्व और बदलती प्राथमिकताओं को साफ तौर पर दर्शाती है। शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ियों का ग्रेड-A में शामिल होना इस बात का संकेत है कि बोर्ड अब भविष्य की टीम को मजबूत आधार देने की दिशा में गंभीरता से काम कर रहा है।
