Baljinder Kaur: प्रीमियम SUV खरीदने का सपना देख रहे ग्राहकों के लिए फॉक्सवैगन एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। कंपनी ने भारत में अपनी आने वाली फ्लैगशिप SUV Volkswagen Tayron R-Line की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। यह तीन-रो यानी 7-सीटर SUV फरवरी 2026 के अंत तक भारतीय बाजार में लॉन्च की जाएगी। शानदार डिजाइन, दमदार इंजन और एडवांस सेफ्टी फीचर्स के साथ यह SUV सीधे तौर पर लग्ज़री सेगमेंट को टारगेट कर रही है।
₹51,000 टोकन अमाउंट पर शुरू हुई बुकिंग
Volkswagen Tayron R-Line को ग्राहक ₹51,000 की टोकन राशि देकर बुक कर सकते हैं। बुकिंग कंपनी के अधिकृत डीलरशिप या फॉक्सवैगन इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए की जा सकती है। लॉन्च के बाद यह SUV फॉक्सवैगन की सबसे प्रीमियम पेशकश मानी जाएगी।
भारत में होगी असेंबल, दमदार इंजन से लैस
Volkswagen Tayron R-Line को भारत में ही असेंबल किया जाएगा। यह SUV MQB EVO प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जो Tiguan R-Line में भी इस्तेमाल किया गया है। इसमें 2.0 लीटर TSI पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 204 हॉर्सपावर और 320 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स और 4Motion ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह SUV सिर्फ 7.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
प्रीमियम जर्मन डिजाइन और स्पोर्टी लुक
डिजाइन की बात करें तो Tayron R-Line में फॉक्सवैगन का सिग्नेचर जर्मन लुक देखने को मिलता है। इसमें IQ.Light HD मैट्रिक्स हेडलाइट्स, 19-इंच के अलॉय व्हील्स, R-Line स्टाइलिंग एलिमेंट्स और रोशन फ्रंट व रियर लोगो दिए गए हैं। SUV का ओवरऑल लुक इसे सड़क पर अलग पहचान देता है।
लग्ज़री से भरा इंटीरियर
SUV का केबिन पूरी तरह प्रीमियम फील देता है। इसमें 15-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और AR हेड-अप डिस्प्ले मिलता है। फ्रंट सीटें वेंटिलेशन और इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट के साथ आती हैं। साथ ही पैनोरमिक सनरूफ और 30 कलर वाली एम्बिएंट लाइटिंग भी दी गई है।
सेफ्टी में भी कोई समझौता नहीं
सेफ्टी के मामले में Volkswagen Tayron R-Line काफी मजबूत है। इसमें 9 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल असिस्ट और लेवल-2 ADAS दिया गया है, जिसमें 14 एडवांस सेफ्टी फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा 360-डिग्री कैमरा, 3-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और 700 वॉट का Harman Kardon साउंड सिस्टम भी मिलता है।
7 शानदार कलर ऑप्शन
यह SUV भारत में 7 आकर्षक रंगों में आएगी, जिनमें डॉल्फिन ग्रे, नाइटशेड ब्लू, ऑयस्टर सिल्वर और ओरिक्स व्हाइट जैसे ऑप्शन शामिल हैं। Volkswagen Tayron R-Line उन ग्राहकों के लिए शानदार विकल्प साबित हो सकती है, जो पावर, लग्ज़री और सेफ्टी—तीनों को एक ही SUV में चाहते हैं।
