Baljinder Kaur: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का शानदार सफर जारी है। वडोदरा में खेले गए महिला प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने दबदबा दिखाते हुए गुजरात जाएंट्स को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ दिल्ली ने एक बार फिर फाइनल में जगह पक्की कर ली, जहां अब उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

बेथ मूनी की जुझारू पारी, गुजरात ने बनाए 168 रन
गुजरात जाएंट्स की टीम दबाव में नजर आई और शुरुआती ओवरों में ही उसके विकेट गिरते चले गए। पावरप्ले में तीन बड़े झटकों के बाद टीम मुश्किल में फंस गई थी। ऐसे समय में बेथ मूनी ने जिम्मेदारी संभाली और पारी को संभालते हुए अर्धशतक जमाया।
सोफी डिवाइन जल्दी आउट हो गई जबकि इसके बाद अनुष्का शर्मा और कप्तान एश्ले गार्डनर भी पवेलियन लौट गईं। एक समय गुजरात का स्कोर लड़खड़ा गया था। गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 168 रन बनाए। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में चिनेली हेनरी सबसे सफल रहीं। उन्होंने तीन विकेट झटके, जबकि नंदिनी शर्मा को दो और मिनू मणि को एक विकेट मिला।

शेफाली–लिजेली की विस्फोटक शुरुआत
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शेफाली वर्मा और लिजेली ली की सलामी जोड़ी ने गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 89 रन जोड़े। लिजेली ली ने सिर्फ 24 गेंदों पर 43 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं शेफाली वर्मा ने 21 गेंदों पर 31 रन की तेज पारी खेली। इस दमदार शुरुआत ने दिल्ली की जीत की नींव रख दी।

वोलवार्ट और जेमिमा ने दिलाई आसान जीत
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लाउरा वोलवार्ट के साथ मिलकर रन गति को बनाए रखा और दिल्ली को जीत के करीब पहुंचा दिया। जेमिमा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 23 गेंदों पर 41 रन बनाए। हालांकि वह जीत से पहले आउट हो गईं। लाउरा वोलवार्ट अंत तक नाबाद रहीं और 24 गेंदों पर 32 रन बनाकर दिल्ली को 15.4 ओवर में ही जीत दिला दी। दिल्ली ने मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया।

अब पहली ट्रॉफी पर नजर
दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार डब्ल्यूपीएल फाइनल में पहुंची है, लेकिन अब तक खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाई है। इस बार टीम का आत्मविश्वास और फॉर्म दोनों शानदार हैं। पांच फरवरी को होने वाले फाइनल में दिल्ली के पास इतिहास रचने और अपनी पहली डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी जीतने का मौका होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *