Baljinder Kaur: WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूपी वॉरियर्स को करारी शिकस्त दी। स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी ने यह मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया और सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, इस हार के साथ यूपी वॉरियर्स का टूर्नामेंट में सफर लगभग समाप्त हो गया है।

मैच का हाल
वडोदरा में खेले गए इस अहम मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यूपी वॉरियर्स की शुरुआत अच्छी रही और कप्तान मेग लेनिंग व दीप्ति शर्मा ने पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। लेनिंग ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 41 रन बनाए। हालांकि उनके आउट होते ही यूपी की पारी लड़खड़ा गई। नादिने डि क्लर्क की अगुआई में आरसीबी के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की। एक समय बिना विकेट गंवाए 70 से ज्यादा रन बना चुकी यूपी टीम 122 रन तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट गंवा बैठी। दीप्ति शर्मा ने जरूर संघर्ष दिखाया और 43 गेंदों पर 55 रनों की अहम पारी खेली लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। यूपी वॉरियर्स की पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी। आरसीबी के लिए नादिने डि क्लर्क ने चार विकेट झटके, जबकि ग्रेस हैरिस ने दो विकेट अपने नाम किए।

हैरिस–मंधाना की शतकीय साझेदारी

144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 108 रनों की शतकीय साझेदारी की और यूपी के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बना दिया। ग्रेस हैरिस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 37 गेंदों पर 75 रन ठोके, जिसमें 13 चौके और दो छक्के शामिल रहे। वह शतक की ओर बढ़ रही थीं लेकिन शिखा पांडे ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
हैरिस के आउट होने के बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाला और मैच को अंत तक ले गईं। मंधाना ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे। आरसीबी ने 41 गेंदें शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

फाइनल में आरसीबी यूपी की मुश्किलें बढ़ीं

इस जीत के साथ आरसीबी ने WPL 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। वहीं यूपी वॉरियर्स को इस हार से बड़ा झटका लगा है और अब उनका आगे का सफर लगभग खत्म माना जा रहा है। यह मुकाबला पूरी तरह से आरसीबी के नाम रहा जहां गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल में पहुंचने का टिकट हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *