Baljinder Kaur: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के 15वें मुकाबले में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी कसी हुई गेंदबाज़ी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाज़ी को पूरी तरह दबाव में ला दिया। वडोदरा में खेले गए इस मैच में आरसीबी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही और उसकी पूरी टीम 109 रन पर सिमट गई। दिल्ली की इस धारदार गेंदबाज़ी के बीच कप्तान स्मृति मंधाना ने सबसे ज़्यादा 38 रन बनाए, जबकि नंदिनी शर्मा ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर मैच का रुख दिल्ली की ओर मोड़ दिया।

दिल्ली ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाज़ी
दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया जो पूरी तरह सही साबित हुआ। टीम में दो बदलाव किए गए थे। लूसी हेमिल्टन की जगह चिनेले हेनरी को मौका मिला जबकि दीया यादव की जगह मीनू मणि की वापसी हुई। वहीं आरसीबी ने प्रेमा रावत की जगह अरुंधति रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।

शुरुआत ठीक, लेकिन फिर लड़खड़ा गई आरसीबी
आरसीबी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ग्रेस हैरिस जल्दी आउट हो गई जिससे टीम पर दबाव आ गया। कप्तान स्मृति मंधाना ने एक छोर संभालने की कोशिश की और कुछ आकर्षक शॉट लगाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। जॉर्जिया वॉल और गौतमी नाइक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं।

नंदिनी शर्मा की शानदार गेंदबाज़ी

दिल्ली की ओर से नंदिनी शर्मा ने बेहतरीन लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाज़ी की और आरसीबी की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी।

मंधाना की जुझारू पारी
स्मृति मंधाना ने 38 रन की सबसे बड़ी पारी खेली जिसमें कुछ शानदार चौके शामिल थे। हालांकि लगातार गिरते विकेटों के कारण वह खुलकर नहीं खेल सकीं। ऋचा घोष और नादिन डी क्लार्क से उम्मीदें थीं लेकिन वे भी जल्दी पवेलियन लौट गई।

109 रन पर सिमटी आरसीबी की पारी
पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 109 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की गेंदबाज़ी और फील्डिंग ने आरसीबी को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया। अब इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए आसान लक्ष्य मिला है जिससे उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें और मजबूत हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *