Baljinder Kaur: महिला प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का विजय रथ थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी ने सोमवार को वडोदरा में खेले गए मुकाबले में गुजरात जाएंट्स को 61 रन से हराकर न सिर्फ लगातार पांचवीं जीत दर्ज की बल्कि प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई। शानदार बल्लेबाजी, अनुशासित गेंदबाजी और दमदार फील्डिंग के दम पर आरसीबी ने एकतरफा मुकाबले में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

पहले लड़खड़ाई, फिर संभली आरसीबी की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम ने महज 9 रन के स्कोर पर ग्रेस हैरिस और जॉर्जिया वॉल के विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद आरसीबी दबाव में नजर आई, लेकिन यहीं से गौतमी नाइक ने पारी की कमान अपने हाथों में ले ली। गौतमी नाइक ने कप्तान स्मृति मंधाना के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 60 रनों की अहम साझेदारी की। मंधाना के आउट होने के बाद भी नाइक का आत्मविश्वास डगमगाया नहीं। उन्होंने ऋचा घोष के साथ चौथे विकेट के लिए 69 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गौतमी नाइक ने 55 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेली जिसमें संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। वहीं ऋचा घोष ने अपने चिर-परिचित अंदाज में तेज 27 रन बनाकर रन गति को बनाए रखा। अंतिम ओवरों में राधा यादव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य बड़ा, दबाव भारी: गुजरात की पारी बिखरी
179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जाएंट्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। पावरप्ले के अंदर ही टीम ने बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा और कनिका आहूजा जैसे अहम विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों ने गुजरात की रन चेज की कमर तोड़ दी।
कप्तान एश्ले गार्डनर ने एक छोर संभालते हुए 43 गेंदों में 54 रन की जुझारू पारी खेली। भर्ति फुलमाली ने कुछ देर उनका साथ दिया लेकिन बढ़ते रन रेट और लगातार गिरते विकेटों के कारण गुजरात कभी भी मुकाबले में लौट नहीं सकी। आरसीबी की गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ दबाव बनाए रखा और गुजरात की बल्लेबाजी को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नतीजा यह रहा कि गुजरात की पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 117 रन ही बना सकी।

प्लेऑफ की पहली टिकट आरसीबी के नाम
61 रन की इस बड़ी जीत के साथ आरसीबी ने न केवल अंक तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत किया बल्कि प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बनने का गौरव भी हासिल किया। टीम का आत्मविश्वास चरम पर है और उसका संतुलित प्रदर्शन बाकी टीमों के लिए खतरे की घंटी बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *