Baljinder Kaur: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आम यात्रियों के लिए 22 जनवरी से शुरू होने जा रही है। यह हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में मालदा टाउन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन को लेकर यात्रियों में काफी उत्साह है, लेकिन इसके साथ ही टिकट बुकिंग और कैंसिलेशन के नियम जानना भी बेहद जरूरी है। खासतौर पर यह समझना जरूरी है कि टिकट रद्द करने पर कितना रिफंड मिलेगा।

हावड़ा–कामाख्या के बीच 14 घंटे में सफर

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा और कामाख्या के बीच 958 किलोमीटर की दूरी मात्र 14 घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी।
हावड़ा से: गुरुवार को छोड़कर
कामाख्या से: बुधवार को छोड़कर
इस ट्रेन में यात्रियों को तेज आरामदायक और आधुनिक सफर का अनुभव मिलेगा।

वंदे भारत स्लीपर के खास नियम

रेलवे ने इस ट्रेन के लिए कुछ विशेष नियम तय किए हैं, जो इसे सामान्य ट्रेनों से अलग बनाते हैं। इस ट्रेन में RAC की सुविधा नहीं होगी। केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा की अनुमति होगी। महिला यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और ड्यूटी पास धारकों के लिए ही कोटा लागू होगा। इसके अलावा किसी तरह की अन्य विशेष छूट इस ट्रेन में मान्य नहीं होगी।

टिकट कैंसिल करने पर कब मिलेगा रिफंड
अगर आपने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का टिकट बुक कराया है और किसी कारणवश यात्रा नहीं कर पा रहे हैं, तो आप टिकट रद्द कर सकते हैं। रेलवे रिफंड जरूर देगा लेकिन इसके नियम सामान्य ट्रेनों की तुलना में काफी सख्त हैं। रिफंड की राशि इस बात पर निर्भर करती है कि आपने टिकट कितने समय पहले कैंसिल किया।

72 घंटे से पहले टिकट रद्द करने पर

अगर आप ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से 72 घंटे से ज्यादा पहले कन्फर्म टिकट रद्द करते हैं तो भी पूरा पैसा वापस नहीं मिलेगा। रेलवे कुल किराए का 25 प्रतिशत काट लेगा।
शेष 75 प्रतिशत राशि आपको रिफंड के रूप में मिलेगी। यदि टिकट प्रस्थान समय से 72 घंटे से लेकर 8 घंटे पहले रद्द किया जाता है, तो कटौती और ज्यादा होगी। इस स्थिति में रेलवे कुल किराए का 50 प्रतिशत रद्दीकरण शुल्क के रूप में काटेगा। यात्रियों को केवल आधा किराया ही वापस मिलेगा।

यात्रा से पहले नियम जानना है जरूरी

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आरामदायक और तेज जरूर है लेकिन इसके टिकट नियम काफी सख्त हैं। इसलिए टिकट बुक करने से पहले और यात्रा की योजना बनाते समय इन रिफंड नियमों को जरूर ध्यान में रखें। सही जानकारी होने से आप अनावश्यक नुकसान से बच सकते हैं और अपनी यात्रा को बेहतर तरीके से प्लान कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *