Baljinder Kaur: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज ने क्रिकेट फैंस को रोमांच से भर दिया। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मुकाबले के साथ यह सीरीज इतिहास में दर्ज हो गई। न्यूजीलैंड ने भारत को 2-1 से हराकर भारत में अपनी पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक रहे डेरिल मिचेल जबकि विराट कोहली ने हार के बावजूद अपने बल्ले से कई बड़े रिकॉर्ड बना डाले।
डेरिल मिचेल: रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाला कीवी स्टार
इस सीरीज में डेरिल मिचेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीन मैचों में कुल 352 रन बनाए। इसके साथ ही वह किसी तीन मैचों की वनडे सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बन गए। उन्होंने मार्टिन गप्टिल का 2013 में बना 330 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 352 रन किसी भी तीन मैचों की वनडे सीरीज में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। उनसे आगे सिर्फ बाबर आजम और शुभमन गिल हैं जिन्होंने 360-360 रन बनाए थे। भारत के खिलाफ मिचेल का रिकॉर्ड और भी खास रहा। उनके नाम अब वनडे में 130+ के चार स्कोर हो गए है जो न्यूजीलैंड के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा हैं। खास बात यह है कि ये चारों पारियां भारत के खिलाफ आई हैं जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा भारत के खिलाफ सबसे अधिक हैं।
भारतीय धरती पर मिचेल का दबदबा
डेरिल मिचेल के भारत के खिलाफ चारों वनडे शतक भारतीय जमीन पर आए हैं। मिचेल भारत में अपनी पिछली पांच वनडे पारियों में लगातार 50+ रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।
मिचेल-फिलिप्स की ऐतिहासिक साझेदारी
इंदौर वनडे में डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने चौथे विकेट के लिए 219 रनों की साझेदारी की। यह भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है जिसने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया।
हार में भी चमके विराट कोहली
हालांकि भारत सीरीज हार गया, लेकिन विराट कोहली ने अपने प्रदर्शन से दिल जीत लिया। इंदौर वनडे में कोहली ने 124 रनों की शानदार पारी खेली। यह लक्ष्य का पीछा करते हुए हार में उनका सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। यह कोहली के वनडे करियर का नौवां शतक था जो हार में आया।
कोहली के बड़े रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 7 शतक किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा
वनडे क्रिकेट में 35 अलग-अलग मैदानों पर शतक यह एक विश्व रिकॉर्ड है।
IND vs NZ वनडे सीरीज 2026 रिकॉर्ड्स और यादगार पारियों के लिए हमेशा याद रखी जाएगी। डेरिल मिचेल ने जहां न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक जीत की नींव रखी वहीं विराट कोहली ने हार के बावजूद साबित किया कि क्यों उन्हें आधुनिक क्रिकेट का सबसे बड़ा बल्लेबाज माना जाता है।
