Baljinder Kaur: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय बाद श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में वापसी हुई है, वहीं चोट के चलते वॉशिंगटन सुंदर को टीम से बाहर कर दिया गया है। बीसीसीआई ने शुक्रवार को शुरुआती तीन टी20 मुकाबलों के लिए अपडेटेड स्क्वॉड का ऐलान किया जिसमें लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को मौका दिया गया है।
श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में वापसी
करीब तीन साल बाद श्रेयस अय्यर एक बार फिर भारत की टी20 जर्सी में नजर आएंगे। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टी20 मुकाबला 2023 में खेला था। चोट से उबरने के बाद अय्यर ने शानदार फॉर्म में वापसी की है और फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। पहले वनडे में 49 रनों की आक्रामक पारी ने चयनकर्ताओं का भरोसा जीत लिया। बीसीसीआई ने उन्हें तिलक वर्मा की जगह शुरुआती तीन टी20 मैचों के लिए टीम में शामिल किया है। अय्यर की वापसी से मिडिल ऑर्डर को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
तिलक वर्मा सर्जरी के बाद बाहर
युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा हाल ही में पेट से जुड़ी समस्या के कारण सर्जरी से गुजरे हैं। बीसीसीआई के मुताबिक, राजकोट में हुई सर्जरी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है लेकिन पूरी तरह फिट होने में थोड़ा समय लगेगा। इसी वजह से वह शुरुआती तीन टी20 मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे।
वॉशिंगटन सुंदर बाहर, रवि बिश्नोई को मौका
टीम इंडिया को एक और झटका तब लगा जब ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण टी20 सीरीज से बाहर हो गए। वनडे मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते समय उन्हें पसलियों के पास दर्द हुआ था। जांच में साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें आराम की सलाह दी गई है। उनकी जगह चयन समिति ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया है। बिश्नोई अपनी तेज और आक्रामक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और टी20 फॉर्मेट में वह विपक्षी बल्लेबाजों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
टी20 सीरीज का पूरा कार्यक्रम
टी20 विश्व कप 2026 से पहले यह सीरीज भारत के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
पहला टी20: 21 जनवरी – नागपुर
दूसरा टी20: 23 जनवरी – रायपुर
तीसरा टी20: 25 जनवरी – गुवाहाटी
चौथा टी20: 28 जनवरी – विशाखापत्तनम
पांचवां टी20: 31 जनवरी – तिरुवनंतपुरम
टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन मैच), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, इशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
