Baljinder Kaur: ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर छा गया। देशभक्ति, जज्बे और दमदार डायलॉग्स से भरे इस ट्रेलर को देखकर फैंस के रोंगटे खड़े हो गए। खासतौर पर, सनी देओल की एंट्री ने दर्शकों को पुराने ‘बॉर्डर’ वाले दौर की याद दिला दी। ट्रेलर रिलीज होते ही ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फैंस ने जमकर रिएक्शन दिए और फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट चरम पर पहुंच गई।
ट्रेलर में दिखी तीनों सेनाओं की ताकत
‘बॉर्डर 2’ के ट्रेलर में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी को आर्मी, नेवी और एयरफोर्स ऑफिसर्स के किरदार में दिखाया गया है। ट्रेलर में युद्ध के सीन, देशभक्ति से भरे संवाद और सैनिकों के जज्बे को प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है। बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी ने ट्रेलर को और भी दमदार बना दिया है।
सनी देओल की एक्टिंग के कायल हुए फैंस
ट्रेलर देखने के बाद सबसे ज्यादा तारीफ सनी देओल की हो रही है। फैंस का कहना है कि सनी देओल एक बार फिर उसी ईमानदारी और जोश के साथ स्क्रीन पर लौटे हैं, जिसके लिए उन्हें जाना जाता है। कई फैंस ने माना कि ट्रेलर का सबसे पावरफुल हिस्सा सनी देओल ही हैं।
दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन को भी मिली सराहना
हालांकि सनी देओल ट्रेलर का हाईलाइट रहे लेकिन दिलजीत दोसांझ भी एयरफोर्स ऑफिसर के रोल में दर्शकों को खूब पसंद आए। उनकी गंभीर और संयमित एक्टिंग की तारीफ की जा रही है। वहीं वरुण धवन एक अलग और गंभीर अवतार में नजर आए हैं, जिसे देखकर फैंस उत्साहित हैं। अहान शेट्टी की झलक भी ट्रेलर में प्रभाव छोड़ती है और उनके किरदार को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर छाया ‘बॉर्डर 2’
ट्रेलर रिलीज के कुछ ही घंटों में #Border2Trailer और #SunnyDeol ट्रेंड करने लगे। कई यूजर्स ने ट्रेलर को “पैट्रियॉटिक ब्लॉकबस्टर” बताया तो कुछ ने इसे 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक करार दिया।
कब रिलीज होगी ‘बॉर्डर 2’?
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी और जेपी दत्ता द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह साल 2026 की पहली बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्म मानी जा रही है। ट्रेलर को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म की रिलीज पर टिकी है।
‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर यह साफ कर देता है कि फिल्म देशभक्ति, इमोशन और दमदार अभिनय का जबरदस्त पैकेज होने वाली है, जिसमें सनी देओल की गर्जना एक बार फिर सिनेमाघरों में गूंजेगी।
