Baljinder Kaur: टी20 विश्व कप 2026 को लेकर चल रहे विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अपना रुख साफ कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा सुरक्षा को लेकर जताई गई असहजता और वैकल्पिक योजनाओं की चर्चाओं पर आईसीसी ने कड़ा जवाब देते हुए स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट का कार्यक्रम पूरी तरह अंतिम है और इसमें किसी तरह के बदलाव का कोई सवाल नहीं है। आईसीसी ने भारत (सह-मेजबान श्रीलंका) में आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताया है।
कार्यक्रम पूरी तरह तय, सभी टीमों से जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद
आईसीसी सूत्रों ने कहा है कि टी20 विश्व कप 2026 का शेड्यूल पहले ही अंतिम रूप देकर जारी किया जा चुका है। कार्यक्रम पूरी तरह अंतिम किया जा चुका है और फिलहाल इसमें किसी बदलाव की कोई योजना नहीं है।
भारत में आयोजन को लेकर पूरा भरोसा
आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार और करीबी समन्वय में काम कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की योजना केंद्र और राज्य स्तर की एजेंसियों के सहयोग से संयुक्त रूप से तैयार की जा रही है। परिषद ने यह भी याद दिलाया कि भारत और श्रीलंका इससे पहले कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को सफल और सुरक्षित तरीके से आयोजित कर चुके हैं। बीसीसीआई और स्थानीय एजेंसियों के अनुभव और मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड के चलते आईसीसी को भरोसा है कि सभी टीमों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में खेलने को लेकर असहजता जताई। बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया। यह विवाद ऐसे समय सामने आया जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज किया। हालांकि इस फैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया लेकिन इसी दौरान बांग्लादेश में हालात को लेकर आई खबरों से मामला और संवेदनशील हो गया।
आईसीसी का मानना है कि सुरक्षा को लेकर जताई जा रही आशंकाओं का समाधान मौजूदा व्यवस्था के तहत किया जा सकता है।
