Baljinder Kaur: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की शुरुआत फैंस के लिए यादगार बन गई। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गत चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) को बेहद रोमांचक अंदाज में तीन विकेट से हरा दिया। इस जीत की हीरो रहीं नादिन डी क्लार्क जिन्होंने आखिरी ओवर में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए हारी हुई बाजी को जीत में बदल दिया।
मुंबई इंडियंस की पारी: 154 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खास नहीं रही। अमेलिया केर और जी. कमालिनी ने पहले विकेट के लिए 21 रन जोड़े लेकिन केर सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद नेट सिवर-ब्रंट भी केवल 4 रन ही बना सकीं। कमालिनी ने 32 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। 67 रन पर चार विकेट गिरने के बाद मुंबई दबाव में दिख रही थी। ऐसे समय में निकोला कैरी और सजीवन सजना ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी हुई। कैरी ने 40 रन बनाए, वहीं सजना ने 45 रनों की उपयोगी पारी खेली। तय 20 ओवर में मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट खोकर 154 रन बनाए।
आरसीबी की धड़कन बनी नादिन डी क्लार्क, मुश्किल में फंसी टीम की वापसी संघर्षपूर्ण
आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में नादिन डी क्लार्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली। आरसीबी की संघर्षपूर्ण शुरुआत 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत तेज रही लेकिन विकेट जल्दी-जल्दी गिरते चले गए। ग्रेस हैरिस ने 25 रन बनाए जबकि कप्तान स्मृति मंधाना 18 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद दयालन हेमलता, राधा यादव और ऋचा घोष भी सस्ते में पवेलियन लौट गईं। 65 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद आरसीबी मुश्किल में फंस चुकी थी।
नादिन डी क्लार्क का मैच जिताने वाला शानदार शो
मिडिल ऑर्डर में अरुंधति रेड्डी ने 20 रन बनाकर नादिन डी क्लार्क का साथ दिया लेकिन उनके आउट होने के बाद एक छोर पर डी क्लार्क डटी रहीं। उन्होंने बेहद संयम और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाया। डी क्लार्क ने 44 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। पहली दो गेंदें डॉट रहीं लेकिन इसके बाद डी क्लार्क ने गियर बदल दिया। तीसरी गेंद पर छक्का, चौथी पर चौका, पांचवीं पर फिर छक्का और छठी गेंद पर चौका जड़कर उन्होंने मैच आरसीबी की झोली में डाल दिया।
जीत के साथ आरसीबी का आत्मविश्वास बढ़ा
नादिन डी क्लार्क की इस विस्फोटक पारी ने न सिर्फ आरसीबी को जीत दिलाई, बल्कि WPL 2026 को भी एक यादगार शुरुआत दी। मुंबई इंडियंस के लिए यह हार निराशाजनक रही जबकि आरसीबी ने साफ कर दिया कि इस सीजन में वह मजबूत दावेदार बनकर उतरी है।
