Baljinder Kaur: भारतीय क्रिकेट से जुड़ा एक भावुक और यादगार पल इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एक खास इवेंट के दौरान बीसीसीआई के पूर्व सचिव और मौजूदा आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने रोहित शर्मा को ‘टीम इंडिया का कप्तान’ कहकर संबोधित किया। यह सुनते ही रोहित शर्मा की जो प्रतिक्रिया सामने आई, उसने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।

क्यों खास जय शाह का बयान?

यह पल इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि मौजूदा समय में रोहित शर्मा भारतीय टीम के कप्तान नहीं हैं। अक्तूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले शुभमन गिल को वनडे कप्तान नियुक्त किया गया था। इससे पहले रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में जय शाह द्वारा उन्हें ‘इंडियन कैप्टन’ कहना केवल एक संबोधन नहीं बल्कि उनके शानदार कप्तानी सफर और विरासत को सम्मान देने जैसा था।

रोहित शर्मा की दिल जीत लेने वाली प्रतिक्रिया

जय शाह के मुंह से ‘कप्तान’ शब्द सुनते ही रोहित शर्मा पहले थोड़े हैरान दिखे और फिर उनके चेहरे पर एक मासूम और गर्व भरी मुस्कान आ गई। उन्होंने बिना कुछ कहे अपने हाव-भाव से ही बहुत कुछ कह दिया। यही सादगी रोहित को बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। सोशल मीडिया पर फैंस ने इस प्रतिक्रिया को “प्राइसलेस मोमेंट” बताया।

जय शाह ने क्या कहा?

नीता अंबानी द्वारा आयोजित ‘यूनाइटेड इन ट्रायंफ’ इवेंट में जय शाह ने कहा, “हमारे कप्तान यहीं बैठे हैं। मैं उन्हें कप्तान ही कहूंगा क्योंकि उन्होंने भारत को दो आईसीसी ट्रॉफियां दिलाई हैं। उन्होंने 2023 वनडे विश्व कप का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही टीम ट्रॉफी न जीत सकी लेकिन दिल जरूर जीत लिए थे। इसके बाद 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया।”

रोहित शर्मा की कप्तानी की उपलब्धियां
रोहित शर्मा ने दिसंबर 2021 में भारत की वनडे कप्तानी संभाली। उन्होंने भारत को 2018 और 2023 एशिया कप जिताया 2023 वनडे विश्व कप फाइनल तक पहुंचाया और फिर 2024 टी20 विश्व कप व 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर आईसीसी खिताबों का सूखा खत्म किया।

आगे क्या?
38 वर्षीय रोहित शर्मा अब वनडे क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं। वह 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। वहीं शुभमन गिल को भविष्य के कप्तान के तौर पर तैयार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *