Baljinder Kaur: किसी भी देश का राष्ट्रीय ध्वज उसकी पहचान, इतिहास और संघर्ष की कहानी कहता है। वेनेजुएला (Venezuela) भी अपने झंडे के जरिए अपने गौरवशाली अतीत और आज़ादी की लड़ाई को दर्शाता है। वेनेजुएला के झंडे में तीन रंगों की क्षैतिज पट्टियां और बीच में आठ सफेद सितारे बने होते हैं। अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि आखिर इन रंगों और सितारों का क्या महत्व है।

वेनेजुएला के झंडे के तीन रंगों का अर्थ
वेनेजुएला के झंडे में ऊपर से नीचे की ओर पीला, नीला और लाल रंग होता है। ये तीनों रंग देश के इतिहास और भावनाओं से जुड़े हैं।
1. पीला रंग
पीला रंग देश की प्राकृतिक संपदा को दर्शाता है। वेनेजुएला सोना, तेल और अन्य खनिजों से समृद्ध देश है। इसके अलावा यह रंग देश की समृद्धि, उज्ज्वल भविष्य और आशा का प्रतीक भी माना जाता है।
2. नीला रंग
नीला रंग कैरिबियन सागर को दर्शाता है, जो वेनेजुएला के उत्तरी तट पर स्थित है। साथ ही यह आज़ादी की राह में आने वाली दूरी, आकाश और स्वतंत्रता का प्रतीक भी है।
3. लाल रंग
लाल रंग वेनेजुएला की आज़ादी के लिए बहाए गए वीर शहीदों के खून का प्रतीक है। यह देशवासियों के बलिदान, साहस और संघर्ष को याद दिलाता है।

झंडे में 8 सितारे क्यों हैं?
वेनेजुएला के झंडे के बीच में नीली पट्टी पर अर्धवृत्त (Half Circle) के आकार में 8 सफेद सितारे बने होते हैं। इन सितारों का गहरा ऐतिहासिक महत्व है।शुरुआत में झंडे में 7 सितारे जो 1811 में स्पेन से आज़ादी के समय वेनेजुएला के सात प्रांतों का प्रतिनिधित्व करते थे। ये प्रांत थे: काराकास, कुमाना, बार्सिलोना,बारिनास,मार्गारीटा,मेरिडा, त्रूजिलो। बाद में स्वतंत्रता सेनानी साइमन बोलिवार ने गुयाना प्रांत को भी इसमें शामिल करने का आदेश दिया। इसी कारण झंडे में आठवां सितारा जोड़ा गया।

झंडे का इतिहास
वेनेजुएला के राष्ट्रीय ध्वज का इतिहास देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा हुआ है। इस झंडे को पहली बार 1806 में महान स्वतंत्रता सेनानी फ्रांसिस्को दे मिरांडा ने डिजाइन किया था। झंडे में पीला, नीला और लाल—तीन रंग हैं, जो क्रमशः देश की समृद्धि, समुद्र और आकाश, तथा आज़ादी के लिए बहाए गए रक्त का प्रतीक हैं। 1811 में जब वेनेजुएला ने स्पेन से स्वतंत्रता की घोषणा की, तब यह झंडा राष्ट्रीय प्रतीक बना। शुरुआत में झंडे में 7 सितारे थे लेकिन 2006 में स्वतंत्रता संग्राम में गुआयाना प्रांत के योगदान को सम्मान देने के लिए 8वां सितारा जोड़ा गया।

वेनेजुएला का झंडा सिर्फ तीन रंग और आठ सितारे नहीं है बल्कि यह देश की आजादी की लड़ाई, बलिदान, प्राकृतिक संपदा और एकता की कहानी कहता है। हर रंग और हर सितारा वेनेजुएला के इतिहास से जुड़ा हुआ है, जो देशवासियों में गर्व और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाता है। यह झंडा आज भी वेनेजुएला की पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *